उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास और आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर धनराशि स्वीकृत की है।
1300 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले की अवस्थापना सुविधाओं और जिला योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए कुल 1300 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की 28 महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए 282.29 करोड़ रुपये के बजट का अनुमोदन किया है। इस धनराशि का मुख्य उपयोग कुंभ क्षेत्र में बुनियादी ढांचे (अवस्थापना सुविधाओं) को विकसित करने और उसे आधुनिक बनाने में किया जाएगा।
जिला योजनाओं के लिए 1018 करोड़ का आवंटन
प्रदेश के हर कोने तक विकास की लहर पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना संरचना के अंतर्गत 1018.21 करोड़ रुपये की राशि जनपदवार आवंटित करने की स्वीकृति दी है। यह राशि प्रदेश के सभी 13 जनपदों के विकास कार्यों के लिए उपलब्ध होगी। बजट जारी करने के साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विभाग समयबद्ध तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।