रानीखेत: अल्मोड़ा जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। जिले की सबसे ऊंची पर्वतमाला भरतकोट और पौराणिक स्थल पांडवखोली की चोटियों पर बुधवार को सीजन का तीसरा हिमपात हुआ है।
मौसम में बदलाव
मिली जानकारी के अनुसार यहां बर्फबारी और मूसलाधार बारिश के चलते ठंड में भी इजाफा हुआ है। हालांकि चोटियों पर बर्फ ज्यादा देर टिक नहीं पा रही है, लेकिन लगातार चल रही बर्फीली हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट आई। भरतकोट के साथ-साथ स्याहीदेवी, चौबटिया और दूनागिरि की पहाड़ियों पर भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम में आए इस बदलाव को काश्तकार और स्थानीय लोग खेती के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। हालांकि, अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों को गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। प्रशासन ने भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।