अल्मोड़ा: दीपावली पर्व के मद्देनजर आम जनता को मिलावटमुक्त और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अल्मोड़ा जनपद में शिकंजा कस दिया है।
की छापेमारी
इसी क्रम में जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में विभाग ने बुधवार को शहर में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की भी चेकिंग की गई और कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अभिहित अधिकारी अनिल मिश्रा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीम ने अल्मोड़ा नगर और उसके आसपास के मिष्ठान्न (स्वीट शॉप) प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। दीपावली पर मिठाइयों की अत्यधिक मांग को देखते हुए टीम ने विशेष रूप से मावा, पनीर और अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। साथ ही, मिलावट पर लगाम लगाने के लिए बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों के वाहनों की भी सघन जांच की।
बाल मिठाई, मावा और पनीर के लिए गए सैंपल
अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने कुल सात संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल) संग्रहीत किए, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं।
• बाल मिठाई के 2 नमूने
• कलाकंद का 1 नमूना
• रसगुल्ले का 1 नमूना
• मावा (खोया) का 1 नमूना
• दूध का 1 नमूना
• पनीर का 1 नमूना
जांच को भेजे
विभाग ने इन सभी नमूनों को सील कर मानक जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आते ही नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दिए कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का सख्ती से पालन करें। उत्तराखंड सरकार के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कारोबारियों को चेतावनी दी गई कि वे अपनी दुकानों पर बिक्री के लिए रखी जाने वाली मिठाइयों पर निर्माण तिथि (Date of Manufacture) और अवसान तिथि (Expiry Date) स्पष्ट रूप से अंकित करें। निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान पूर्ण स्वच्छता बनाए रखने तथा केवल उच्च गुणवत्ता वाले कच्चे माल का ही उपयोग करने की हिदायत दी गई है।
त्योहार पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो टूक शब्दों में कहा है कि त्योहारी सीजन में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और मिलावटखोरों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह निरीक्षण व नमूना संग्रहण अभियान दीपावली तक लगातार जारी रहेगा।