उत्तरकाशी: जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात से पूरा उत्तरकाशी जनपद भीषण शीत लहर की चपेट में आ गया है।
बर्फबारी से बढ़ी ठंड
जहाँ एक ओर बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं दूसरी ओर गंगोत्री धाम में सीजन का पहला हिमपात होते ही सैलानियों और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। जानकारी के अनुसार आज गुरूवार को सुबह से ही जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित उपला टकनौर तथा हरकी दून क्षेत्र के कई गांव बर्फ की मोटी सफेद चादर से ढक गए हैं। अचानक बढ़ी ठंड और कड़ाके की शीत लहर के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।