उत्तरकाशी: आगामी त्योहारी सीजन के दौरान जनपद में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशों पर जिलेभर के बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश उपाध्याय ने समस्त थाना व कोतवाली प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। वहीं गुरूवार को कोतवाली उत्तरकाशी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र के सर्राफा (स्वर्णकार) व्यापारियों की दुकानों का औचक भौतिक निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस ने स्वर्ण कारोबारियों को चोरी, लूट, टप्पेबाजी और ऑनलाइन ठगी जैसी घटनाओं से बचने के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा टिप्स दिए। साथ ही पुलिस ने व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि त्योहारी सीजन में बाजारों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस द्वारा जारी प्रमुख सुरक्षा सुझाव
दुकानों के प्रवेश द्वार, काउंटर और संवेदनशील स्थानों पर हाई-क्वालिटी CCTV कैमरे लगाएं और उन्हें हमेशा वर्किंग मोड में रखें। दुकान बंद करते समय ताले, शटर और लॉकर की अच्छी तरह जांच करें। नकदी व कीमती आभूषणों को सुरक्षित स्थानों पर ही रखें। आभूषणों की खरीद-बिक्री के दौरान नकदी और ऑनलाइन पेमेंट की पुष्टि जरूर करें। अनजान व संदिग्ध खरीदारों पर विशेष नजर रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि की जानकारी बिना देरी के तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर दें।