भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखंड का दबदबा: तीरथ सिंह रावत समेत इन 4 नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, देखें

उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसमें राज्य को संगठनात्मक, प्रशासनिक, मीडिया और डिजिटल चारों मोर्चों पर बड़ा प्रतिनिधित्व दिया गया है।

जानेंकिसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

• ​तीरथ सिंह रावत (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष): पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के पास संघ प्रचारक, विधायक, राज्य के शिक्षा मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और सांसद के रूप में काम करने का व्यापक अनुभव है। अब उनके इस संगठनात्मक व प्रशासनिक अनुभव का उपयोग राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।
• ​महेंद्र पांडेय (राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री): मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी और संघ पृष्ठभूमि से आने वाले महेंद्र पांडेय संगठन के अनुभवी चेहरे हैं। हिमाचल प्रदेश में संगठन मंत्री और वर्ष 2016 से पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय सचिव रहे पांडेय अब केंद्रीय कार्यालय की व्यवस्थाओं और संगठनात्मक कामकाज का दायित्व संभालेंगे।
• ​अनिल बलूनी (मीडिया संयोजक): गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी लंबे समय से पार्टी के संचार और मीडिया प्रबंधन का मुख्य चेहरा रहे हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद, राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख का अनुभव रखने वाले बलूनी राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के राजनीतिक संदेशों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
• ​आलोक भट्ट (सोशल मीडिया सह-संयोजक): डिजिटल अभियानों में अपनी विशेषज्ञता के लिए पहचाने जाने वाले आलोक भट्ट को सोशल मीडिया मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है। वह भाजपा के डिजिटल नैरेटिव, ऑनलाइन अभियानों और सोशल मीडिया संवाद को मजबूती प्रदान करेंगे।