उत्तराखंड: नशा कारोबारियों की खैर नहीं, गैंगस्टर और NDPS एक्ट के तहत होगी कार्रवाई, अवैध संपत्ति भी होगी कुर्क

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में सभी जिलों में पुलिस द्वारा लगातार नशे के‌ खिलाफ खास मुहिम के तहत अभियान चलाया जा रहा है।

दिए यह जरूरी निर्देश

ऐसे में अब पुलिस नशा कारोबारियों पर और भी सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने नशा मुक्त देवभूमि मिशन की समीक्षा बैठक में सभी जिलों को जरूरी निर्देश दिए हैं। जिस पर उन्होंने कहा है कि नशे से जुड़े व लगातार अपराध करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के व्यापार से जुड़े अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जाए और उन पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में विवेचकों ने अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास और आवश्यक तथ्य न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किए हैं, उन मामलों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

रहें मौजूद

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल और उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था विशाखा अशोक भदाणे भी उपस्थित रहे।