यहां एक युवक ने परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी और उसके बाद फरार हो गया। यह दिल दहला देने वाली खबर पिथौरागढ़ से सामने आई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अपनी ताई, ताई की बेटी और बहू को उतारा मौत के घाट
पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट तहसील क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ताई, ताई की बेटी और बहू की हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामला बुरसम गांव का बताया जा रहा है।संतोष राम हत्या करने के बाद से फरार है। पुलिस को घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिली। तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
जानें पूरा मामला
बुर्शम ग्राम पंचायत के चंतोला तोक में शेर राम और मोहन राम दो भाईयों का परिवार अलग-बगल में ही रहता है। शेर राम हत्यारोपी संतोष राम का ताऊ है। बताया जा रहा है कि संतोष राम आए दिन अपने ताऊ के परिवार के साथ लड़ाई झगड़ा करता था। जिसकी शिकायत उसके ताऊ के बेटे जोगा राम ने पुलिस और प्रशासन से की थी।संतोष राम पुत्र मोहन राम ने धारदार हथियार से अपने पड़ोस में रहने वाली अपनी ताई हेमंती देवी 70 वर्ष पत्नी शेर राम, चचेरे भाई की पत्नी रमा देवी 26 वर्ष पत्नी जोगा राम और चचेरी बहन माया देवी पत्नी 24 वर्ष की हत्या कर दी। शेर राम का पुत्र जोगा राम कहीं बाहर गया था जिसके चलते उसकी जान बच गई। हत्यारे की दूसरी ताई गौशाला में चली गई और उसके साथ एक पोता और पोती भी गोशाला में चले गए, जिससे उनकी जान बच गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद संतोष राम फरार हो गया है।
जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि हत्याकांड के बाद आरोपी की पत्नी भी डर से गायब हो गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने चचेरे भाई से अक्सर झगड़ता था। चचेरे भाई ने उसकी शिकायत पुलिस प्रसाशन से करने की चेतावनी दी थी, इससे वह नाराज होकर आग बबूला हो गया। उसने तिहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया। आरोपी छोलिया कलाकार बताया जा रहा है।राजस्व पुलिस ने गांव में पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।