उत्तराखंड: घर से मंदिर को निकले चार दोस्तों ने किया नशा, फिर एक का कार में पड़ा मिला शव, पत्नी ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

घर से मंदिर की बात कहकर निकले चार दोस्तों में से तीन ही घर वापस लौटे जिसमें से एक युवक का शव दोस्त की कार में पड़ा मिला । मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताई है।

जानें पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को मृतक संजीत सिंह पुत्र मलखान सिंह निवासी पित्थूवाला अपने तीन दोस्तों राजेश चौहान, रविश चौहान और विजय चौहान के साथ मानक सिद्ध मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था। राजेश चौहान सरकारी शिक्षक हैं। चारों लोग राजेश की कार से ही मानक सिद्ध मंदिर की ओर गए थे। रात में संजीत जब घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। बुधवार सुबह परिजनों ने देखा कि राजेश चौहान के घर के पास स्थित उनके प्लॉट में कार खड़ी है। पिछली सीट पर संजीत बेसुध पड़ा था। मौके पर राजेश चौहान और उनके अन्य दोस्त भी पहुंच गए। देखा, संजीत सिंह की मौत हो चुकी है। उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था। पिछली सीट पर एक डबल बैरल बंदूक भी पड़ी थी। एसएचओ ने बताया कि इस मामले में राजेश चौहान से पूछताछ की गई है। चारों लोग मंगलवार शाम कार से मानक मंदिर के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने शराब पी। देर रात तीन बजे वापस आए तो उन्होंने संजीत को कार में ही छोड़ दिया। सोचा कि नशा उतरेगा तो वो खुद ही घर चला जाएगा।

पत्नी ने तीन दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

इस मामले में संजीत सिंह की पत्नी रिंपी देवी ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने तीनों दोस्तों पर संजीत की हत्या का आरोप लगाया है। एसएचओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आएगा।