उत्तराखंड: उत्तराखंड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शासन द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना संख्या 421/XXX-1-2026 के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), राज्य सिविल सेवा (PCS) और सचिवालय सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में तत्काल प्रभाव से बदलाव कर दिए गए हैं। अनु सचिव राजेन्द्र सिंह झिंक्वाण के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में कई महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं।


इन प्रमुख अधिकारियों के हुए तबादले
• विनोद कुमार सुमन (IAS-2007): इन्हें वर्तमान जिम्मेदारियों (सचिव-प्रोटोकॉल, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास आदि) के साथ-साथ अब परियोजना निदेशक—यू०डी०आर०पी०-ए०एफ० (Uttarakhand Disaster Preparedness and Resilience Project – U-PREPARE) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
• सौरभ गहरवार (IAS-2016): इन्हें अपर सचिव—आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास तथा परियोजना निदेशक (U-PREPARE) के पदों से मुक्त करते हुए अब अपर सचिव—चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की कमान सौंपी गई है।
• झरना कमठान (IAS-2016): वर्तमान में अपर सचिव—ग्राम्य विकास के पद पर कार्यरत सुश्री झरना को अब अपर सचिव—पेयजल तथा निदेशक—स्वजल के पद पर तैनात किया गया है।
• प्रकाश चन्द्र (IAS-2017): इन्हें अपर सचिव—समाज कल्याण और प्रबन्ध निदेशक (बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम), आयुक्त—दिव्यांगजन के दायित्वों से मुक्त कर अपर सचिव—आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग की नई जिम्मेदारी दी गई है।
• सुन्दर लाल सेमवाल (PCS): अपर सचिव—सचिवालय प्रशासन विभाग के पद पर तैनात श्री सेमवाल को अब अपर सचिव—समाज कल्याण, प्रबन्ध निदेशक (बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम) तथा आयुक्त—दिव्यांगजन, उत्तराखण्ड बनाया गया है।
• विक्रम सिंह यादव (सचिवालय सेवा): बाध्य प्रतीक्षा (Waiting) में चल रहे श्री यादव को अपर सचिव—समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण तथा सचिवालय प्रशासन विभाग के पद पर नई तैनाती दी गई है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदों से तत्काल कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती वाले विभागों में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी रिपोर्ट कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग को उपलब्ध कराएंगे।