उत्तराखंड: आपदा से निपटने की बड़ी तैयारी: BEG रुड़की और हरिद्वार प्रशासन ने बाढ़ राहत का किया संयुक्त युद्धाभ्यास, जानी यह बारीकियां

उत्तराखंड: मानसून और भारी बारिश के दृष्टिगत किसी भी संभावित बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (BEG), रुड़की ने हरिद्वार के जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के साथ मिलकर एक वृहद बाढ़ राहत और बचाव संयुक्त अभ्यास का आयोजन किया।

किया संयुक्त अभ्यास

यह मॉक ड्रिल अपर गंग नहर के किनारे स्थित ‘वेट ब्रिजिंग ट्रेनिंग एरिया’ में संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न सुरक्षा व प्रशासनिक एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना और राहत कार्यों की वास्तविक तैयारियों को परखना था। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी सहयोगी एजेंसियों ने अपनी भूमिका, उपलब्ध आधुनिक संसाधनों और आपदा प्रतिक्रिया प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की। इसके बाद एक जीवंत (Live) प्रदर्शन किया गया। जिसमें बाढ़ के पानी में फंसे व्यक्ति को बचाव नाव (Rescue Boat) के जरिए सुरक्षित बाहर निकालना और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना‌ व आपात स्थिति में मौके पर ही बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), CPR और त्वरित प्राथमिक उपचार देने की बारीकियों का अभ्यास किया गया।

रहें शामिल

मॉक ड्रिल में कुल 110 कर्मियों ने हिस्सा लिया, जिनमें निम्नलिखित विंग शामिल रहे। इसमें जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय (DDMO), हरिद्वार, 40 बटालियन पीएसी (PAC), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), उत्तराखंड, मिलिट्री हॉस्पिटल, रुड़की, बीईजी (BEG) सेंटर शामिल रहें। बीईजी सेंटर में ओरिएंटेशन ट्रेनिंग ले रहे सेना के 18 नए युवा अधिकारियों को भी इस अभ्यास में शामिल किया गया।