हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में बेटे की शादी का कार्ड देकर लौट रहे एक पिता की ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से मौत हो गई। शादी वाले घर में मौत की खबर से मातम छा गया। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश में जुटी है।
बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड देकर वापस लौट रहे थे
रानीपुर क्षेत्र के गांव पूरणपुर सोल्हापुर गढ़मीरपुर निवासी विनोद कुमार अपने भाई जयनंद के साथ रिश्तेदारी से अपने बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड देकर वापस लौट रहे थे। जब वह मीरपुर मुवाजपुर के पास पहुंचे लकड़ी से लदी ओवरलोड व तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने गलत साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों नीचे गिर पड़े और विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार होने में कायमाब रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो सप्ताह बाद विनोद के बेटे की शादी होनी थी
जानकारी दी गई है कि दो सप्ताह बाद विनोद के बेटे की शादी होनी थी। पिता की मौत से घर में मातम का माहौल है। रानीपुर कोतवाली प्रभारी रमेश तनवार ने बताया कि मृतक के भाई जयनंद की तरफ से ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।