उत्तराखंड: संदिग्ध परिस्थितियों में अल्मोड़ा निवासी विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाए यह आरोप

उत्तराखंड: ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर अंतर्गत कीरतपुर क्षेत्र में 24 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

विवाहिता की मौत

मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से दनिया (अल्मोड़ा) निवासी मोहन चंद्र भट्ट की बेटी मुन्नी पांडे (24 वर्ष) का विवाह करीब साढ़े तीन साल पहले धौलादेवी ब्लॉक (अल्मोड़ा) निवासी हरीश चंद्र पांडे के साथ हुआ था। हरीश मुरादाबाद में एक निजी नौकरी करता है। पिछले करीब डेढ़ साल से मुन्नी अपने पति, 10 माह के बेटे गौतम और सास-ससुर के साथ कीरतपुर में रह रही थी। मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता मोहन चंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता ने बताया कि देर रात जब उन्हें घटना की भनक लगी, तो उन्होंने रात करीब एक बजे पुलिस हेल्पलाइन (डायल 112) पर फोन कर बेटी की हत्या किए जाने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।