उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के देहरादून में ब्राह्मण महासभा ने जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को बैन करने और सेंसर बोर्ड व अभिनेता मनोज वाजपेयी एवं फिल्म निर्माता नीरज पांडे के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा गया है।
डीएम को सौंपा ज्ञापन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म घूसखोर पंडित रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है, क्योंकि ब्राह्मण समाज ने इसके टाइटल पर आपत्ति जताई है। उन्होंने फिल्म को ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत करने वाला बताया और इस प्रकार की फिल्म बनाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। इस संबंध में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा के नेतृत्व में महासभा के पदाधिकारी शुक्रवार दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और फिल्म के शीर्षक व कथानक को ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए इसके प्रसारण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
कहा कि महासभा की मांग है कि फिल्म के प्रसारण पर भारत में प्रतिबंध लगाया जाए। सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष सहित फिल्म निर्माता मनोज वाजपेयी और नीरज पांडे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
टीजर भी लांच
इस शो की घोषणा बुधवार को मुंबई में एक इवेंट में की गई और इसका टीज़र भी लॉन्च किया गया। फिल्म में मनोज बाजपेयी अजय दीक्षित नाम के एक भ्रष्ट और अनैतिक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रहे हैं, जिसे पंडित के नाम से जाना जाता है। इस फिल्म को रितेश शाह ने डायरेक्ट किया है और इसे शाह और नीरज पांडे ने मिलकर लिखा है। इसमें नुसरत भरूचा और साकिब सलीम भी अहम किरदारों में हैं।