प्रदेश की धर्मनगरी हरिद्वार में अपराधियों और बदमाशों की अराजकतापूर्ण हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। धर्मनगरी में आये दिन अपराध के नए मामले सामने आते रहते हैं।
आँखों में मिर्च डालकर दिया लूट को अंजाम
नगर की न्यू रामनगर कॉलोनी में बीते शनिवार को बदमाशों ने एक डॉक्टर को बंधक बनाकर ढाई लाख रुपये की नकदी और सोने की चेन लूट ली। ये बदमाश पेट दर्द का बहाना बनाकर डॉक्टर के आवास स्थित क्लीनिक में दिखाने पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के न्यू रामनगर कॉलोनी निवासी आयुर्वेद डॉक्टर राजेंद्र अग्रवाल घर पर ही क्लीनिक चलाते हैं। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दो युवक मरीज बनकर पेट दर्द का इलाज कराने के बहाने उनके पास पहुंचे। इस बीच बदमाशों ने मौका पाकर डॉक्टर की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दी और उन्हें बंधक बना लिया। डॉक्टर की चीख सुनकर पत्नी पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी बंधक बनाकर बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखी ढाई लाख रुपये की नकदी और सोने की चेन लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह, ज्वालापुर कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी मौके पर पहुंचे और पीड़ित दंपती से घटना की जानकारी ली।
एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।