हल्द्वानी से जुड़ी खबर सामने आई है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड ने हल्द्वानी महानगर में प्रस्तावित फ्लाईओवर का पुरजोर तरीके से विरोध करने का ऐलान किया है।संगठन के निवर्तमान अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि हल्द्वानी जैसे घनी आबादी वाले शहर में फ्लाईओवर बनाने का कोई औचित्य नहीं है। सरकार को सबसे पहले हल्द्वानी में 8 साल से प्रस्तावित आईएसबीटी का निर्माण करना चाहिए। शहर में कुछ बड़ी पार्किंग के बारे में विचार करना चाहिए।
फ्लाईओवर को तुरंत निरस्त करते हुए आईएसबीटी बनाने की मांग
फ्लाईओवर निर्माण से हल्द्वानी का संपूर्ण बाजार प्रभावित होगा। इसलिए जिला एवं नगर इकाइयों के द्वारा इसका विरोध किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता एवं जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने भी फ्लाईओवर बनाए जाने का विरोध किया है। वहीं जिला युवा कार्यकारिणी के द्वारा भी प्रस्तावित फ्लाईओवर को तुरंत निरस्त करते हुए आईएसबीटी बनाने की मांग की है।
फ्लाईओवर विकसित शहर के लिए घातक सिद्ध होगा
हल्द्वानी महानगर इकाई के अध्यक्ष योगेश शर्मा एवं महामंत्री मनोज जायसवाल ने कहा कि फ्लाईओवर हल्द्वानी जैसे अवस्थित तरीके से विकसित शहर के लिए घातक सिद्ध होगा। इससे पूरा बाजार खत्म हो जाएगा। सरकार को प्रस्तावित फ्लाईओवर को तुरंत निरस्त कर वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करना चाहिए।
बस अड्डे को शहर सीमा से बनाया जाय बाहर
बस अड्डे को तुरंत शहर सीमा के बाहर बनाया जाना चाहिए। जिससे कि बड़ी बसों का शहर में प्रवेश बंद हो सकें। कहा कि इस संबंध में महानगर इकाई जल्द जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों से मिलेगी।