नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां एक अम्मा बैंक से पैसे लेकर आ रही थी। तभी बंदर उनका पैसों से भरा पर्स लेकर भाग गया।
पहाड़ी में मिला पर्स
मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों हाईवे से सटे रामगढ़ ब्लाक के सिरसा गांव निवासी बुजुर्ग देवकी देवी सुयालबाड़ी स्थित बैंक से पैसे निकालकर गांव की ओर लौट रही थीं। रास्ते में बंदरों के झुंड ने घेर लिया। हो-हल्ला करने पर झुंड चला गया, मगर एक बंदर ने महिला के हाथ से थैला छीन लिया। थैले में रखे पर्स में 11 हजार रुपये भी थे। जिसके बाद अम्मा ने लोगों को इसकी जानकारी दी। लोगों ने काफी खोजबीन की। पर्स नहीं मिला।
अम्मा ने जताया आभार
वहीं बीते शनिवार को अल्मोड़ा निवासी सुनील गोस्वामी ने दूरबीन से पहाड़ी का जायजा लिया। करीब सौ मीटर ऊपर तीखी पहाड़ी पर थैला नजर आया। स्थानीय बालमुकुंद जीना व रमेश बिष्ट ने पहाड़ी पर चढ़ थैला वापस बाजार तक पहुंचाया। इसकी सूचना आमा को दी गई। गांव से बुलाकर पर्स में रखी धनराशि आमा को लौटाई। जिस पर अम्मा की आंखें भर आईं। आमा ने ग्रामीणों का आभार जताया।