उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (20 अगस्त, शनिवार, भाद्रपद, कृष्ण पक्ष, नवमी, वि. सं. 2079)

Ten

◆ SDRF के सेनानायक मणिकांत मिश्रा ने देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में स्वयं मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली हुई है। श्री मिश्रा के नेतृत्व में एसडीआरएफ के जवानों ने आपदा क्षेत्र में फंसे हुए सैकड़ों लोगों को सकुशल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

◆ कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत ने आज नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगद्वीप धानकर से मुलाकात कर राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने उपराष्ट्रपति को प्रदेश में शुरू हुई बाल वाटिका के बारे में भी अवगत कराया।

◆ केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने किच्छा विधानसभा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ग्राम चुकटी देवरिया में 1 करोड 63 लाख की लागत से निर्मित सड़कों का लोकार्पण किया।

◆ मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून स्थित अस्पताल में भर्ती घायल आपदा प्रभावितों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

◆ कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिलों के लिए अल्मोड़ा के रानीखेत में आज से अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती शुरू हो गई है। यह भर्ती रैली 31 अगस्त तक चलेगी।

◆ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक रिक्रूटमेंट मेजर जनरल एन एस राजपुरोहित ने कोटद्वार में आयोजित हो रही अग्निवीर भर्ती रैली का दौरा किया। यह रैली एआरओ लैंसडाउन के अंतर्गत आने वाले 7 जिलों के लिए आयोजित हो रही है।

◆ देहरादून, टिहरी, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में कल से हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। प्राकृतिक आपदा में अबतक तीन लोगों की मृत्यु की खबर है। टिहरी में धनौल्टी के ग्वाड़ में एक मकान के ध्वस्त होने से उसमें करीब 7 लोगों के दबे होने के समाचार हैं।

◆ सचिवालय सुरक्षा संवर्ग और कनिष्ठ सहायक (ज्यूडिशियल) परीक्षा का पेपर भी स्नातक स्तरीय भर्ती की तर्ज पर आउट किया गया था। इसमें भी गैंग ने देहरादून के करनपुर सहित कुछ और जगहों पर अभ्यर्थियों को जमा कर पेपर हल करवाने की बात सामने आई हैं।

◆ अल्मोड़ा जिले में शुक्रवार से हुई बारिश से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 12 ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए बंद है। इससे इन क्षेत्रों की 30 हजार की आबादी प्रभावित है। सभी मार्गों से मलबा हटाने के लिए लोडर मशीन लगाई गई हैं।

◆ शनिवार को कोरोना के 118 नए मरीज मिले और दो संक्रमितों की मौत हो गई।