नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। कुमाऊं विवि के परिसर समेत संबद्ध महाविद्यालयों एवं कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले को लेकर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया संपन्न हो गई है।
ऑनलाइन आवेदन सम्पन्न
जिसमें विवि के समस्त कॉलेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में करीब 15 हजार सीटें निर्धारित हैं, लेकिन आवेदनों की संख्या 30 हजार 201 पहुंच गई है। अब मेरिट के आधार पर छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। कुमाऊं विवि सहित प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पहली बार ऑनलाइन आवेदन के जरिए प्रवेश दिए जा रहे हैं। एक जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि थी। मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में कुमाऊं विवि में ईआरपी सेल के प्रभारी केके पांडे के अनुसार नए प्रवेशित छात्रों के डेटा का ब्योरा तैयार कर लिया गया है। साथ ही बताया कि इस सत्र में स्नातक प्रथम सेमेस्टर तथा स्नातक स्तर पर प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के लिए कुल 30 हजार 201 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें से बीए, बीकॉम व बीएससी यानि स्नातक प्रथम के लिए 24 हजार 899 छात्रों ने आवेदन किया है। जबकि प्रोफेशनल कोर्सो के लिए 5 हजार 302 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरे हैं। बीए के लिए 14 हजार 243, बीकॉम के लिए 4 हजार 318 तथा बीएससी के गणित वर्ग में 2 हजार 866 व बायो वर्ग में 3 हजार 472 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है।