उत्तराखंड पुलिस की बदलेगी पहचान: वर्दी, प्रतीक चिह्न और पुलिस ध्वज में होगा यह बदलाव, गृह मंत्री अमित शाह सौंपेंगे राष्ट्रपति ध्वज

​

उत्तराखंड: उत्तराखंड पुलिस की पहचान और पहनावे में जल्द ही बड़ा बदलाव होने की तैयारी है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों की वर्दी, इनसिग्निया (प्रतीक चिह्न), टोपी के फॉरमेशन साइन और पुलिस ध्वज में बदलाव की तैयारी पूरी कर ली गई है।

होगा यह बदलाव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन बदलावों के माध्यम से पुलिस विभाग को एक नया और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर अब उत्तराखंड पुलिसकर्मियों की वर्दी पर भी छाती पर एक विशेष बैच लगाया जाएगा। पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगने वाले इनसिग्निया और बाएं बाजू पर लगने वाले मोनोग्राम (जिसे 2021 में पूर्व डीजीपी अशोक कुमार ने जारी किया था) में भी परिवर्तन किया जा रहा है। स्थापना दिवस के बाद पुलिस ध्वज के रंग और रूप में भी संशोधन किया जाएगा।


​गृह मंत्री अमित शाह सौंपेंगे ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’

​इस बार उत्तराखंड पुलिस को विशिष्ट सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति ध्वज’ से सम्मानित किया गया है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तराखंड पुलिस को औपचारिक रूप से यह राष्ट्रपति निशान प्रदान करेंगे।
​