उत्तराखंड में वन्य जीवों के बढ़ते हमले बड़ा चिंता का विषय बन गया है। वहीं इन दिनों पहाड़ों में भालू खूंखार होने लगे हैं। जिनके हमलों की घटनाएं भी बढ़ रही है।
वन्य जीवों के बढ़ते हमले
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गढ़वाल क्षेत्र में गुलदार और भालू के हमलों में बढ़ोत्तरी हो रही है। जिस पर प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में जंगली जानवरों के खौफ को देखते हुए भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली में केंद्र सरकार से मदद मांगी है। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर उन्हें राज्य की विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड, विशेषकर गढ़वाल क्षेत्र में मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है। वन्य जीवों के हमलों में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों की मृत्यु भी हुई है। पहली बार गढ़वाल और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भालुओं के हमलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अत्यंत गंभीर विषय है।