उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। स्वतंत्रता दिवस पर एसडीआरएफ के सात कर्मचारी सम्मानित होंगे। पर्वतारोहण के क्षेत्र में कीर्तिमान बनाने और उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह जवान मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक एवं उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजे जाएंगे।
15 अगस्त को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक एवं उत्कृष्ट व सराहनीय सेवा सम्मान दिया जाएगा
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार ने 15 अगस्त को एसडीआरएफ के सात जवानों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक एवं उत्कृष्ट व सराहनीय सेवा सम्मान दिए जाने की घोषणा की है। कमांडेंट मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ ने तंजानिया में अफरीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलीमंजारो का तीन दिन के अंतराल में दो बार सफलतापूर्वक आरोहण कर उत्तराखंड पुलिस का मान बढ़ाया है। उन्हें उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिह्न से नवाजा जाएगा।
अन्य को सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा जाएगा
इसके अलावा अपर उप-निरीक्षक मथुरा प्रसाद नौटियाल को उत्कृष्ट सेवा सम्मान, मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह, निरीक्षक ललिता नेगी, उप-निरीक्षक विजय प्रसाद रयाल, आरक्षी अनमोल सिंह, फायरमैन सुमित नेगी को सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा जाएगा।