उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के ऋषिकेश में यूट्यूबर तनु रावत पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो पर जताई आपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तनु रावत ने ऋषिकेश के जय राम योग आश्रम में एक वीडियो शूट किया। जिसके बाद अब यह वीडियो विवादों में आ गया है। जिस पर हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया है कि तिलक लगाकर अशोभनीय वीडियो बनाकर धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है। संगठन का आरोप है कि वीडियो का अंदाज अशोभनीय है और इससे हिंदू भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं यूट्यूबर ने इस विरोध को निजी स्वतंत्रता में हस्तक्षेप बताया है। उन्होंने कहा कि उनके वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं है, जिससे किसी की धार्मिक भावना आहत हो। उन्होंने कहा, मैं भारतीय संस्कृति का सम्मान करती हूं। धर्म और संस्कृति के नाम पर किसी को दूसरों की स्वतंत्रता का हनन करने का अधिकार नहीं है। दोनों पक्षों में कुछ देर तक तीखी बहस हुई। सूचना मिलने पर लायंस क्लब रायल के अध्यक्ष पंकज चंदानी व नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
दी यह चेतावनी
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघव भटनागर ने कहा कि ऋषिकेश को योग और अध्यात्म की नगरी कहा जाता है। यहां ऐसी गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। जिस पर उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक स्थलों पर अनुचित कंटेंट बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।