उत्तराखंड: उत्तराखंड में उद्यान विभाग के अधीन संचालित 93 राजकीय उद्यानों का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर एक वृहद कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
तैयार हो रहीं कार्ययोजना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत पूरे प्रदेश में उद्यानों का सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है, जिसके आधार पर चरणबद्ध तरीके से इनका आधुनिकीकरण किया जाएगा। इन उद्यानों को अब केवल नाममात्र का न रखकर उत्पादन, प्रशिक्षण और आधुनिक पौध निर्माण के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उद्यानों में अत्याधुनिक तकनीक से लैस हाइटेक नर्सरी बनाई जाएंगी। यहाँ स्थानीय जलवायु और किसानों की जरूरत के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाले फल, सब्जी, पुष्प और अन्य बागवानी प्रजातियों के पौधे तैयार होंगे।वहीं कायाकल्प के साथ-साथ इन उद्यानों को बागवानी पर्यटन के केंद्र के रूप में भी विकसित करने की योजना है, जिससे राज्य में पर्यटन के नए आयाम खुलेंगे। साथ ही किसानों को भी लाभ मिलेगा।