उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (23 दिसंबर, शुक्रवार, पौष, कृष्ण पक्ष, अमावस्या, वि. सं. 2079 )

Ten

◆ प्रदेश में 50 हजार पॉली हाउस बनाए जायेंगे। नाबार्ड के सहयोग से ये पॉली हाउस बनाए जायेंगे। इन सभी पॉली हाउस का निर्माण राज्य में 02 वर्ष के अन्दर किया जायेगा। राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने यह घोषणा की।

◆ कोरोना के नये वैरियंट की चेतावनी के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को चाकचौबंद करने के लिए सरकार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने आज देहरादून स्थित सचिवालय में कोविड के बूस्टर डोज के लिए लगाए गए कैम्प का अवलोकन किया।

◆ प्रदेश सरकार मार्च 2023 तक हेल्थ सेक्टर में 10 हजार लोगों को नौकरी देगी मुख्यमंत्री धामी ने आज देहरादून में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 604 नवनियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।

◆ प्रदेश में ठिठुरन भरी सर्दी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी क्षेत्रों में विशेषकर ऊधमसिंह नगर के कुछ भागों में मध्यम से घना कोहरा छाये रहने की संभावना है, जबकि राजधानी देहरादून में आसमान साफ रहेगा।

◆ आज से प्रदेश भर में बूस्टर डोज अभियान शुरू, स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने प्रदेशवासियों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों अथवा अस्पतालों में जाकर टीका लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए बूस्टर डोज जरूरी है।

◆ प्रदेश में बढ़ती ठंड और शीतलहर से आमजन के बचाव के लिए सभी तहसीलों में अस्थाई रैन बसेरा बनाया जाएगा।

◆ केदारनाथ धाम की सुरक्षा में आईटीबीपी के 30 जवानों को तैनात किया गया है। यह जवान आगामी 30 अप्रैल तक धाम में मौजूद रहेंगे। यह जानकारी देते हुए बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह को स्वर्ण मंडित कराया गया है।

◆ हरिद्वार जिले में हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध सम्पत्तियों को सील करने, अवैध निर्माण को ढहाने और अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। इसी सिलसिले में आज भी अवैध निर्माण, कॉलोनी को सील करने की कार्रवाई की गयी।

◆ प्रदेश में बृहस्पतिवार को दो नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि तीन संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। वर्तमान में 28 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

◆सरकार से अनुमति मिलने के बाद निगम ने सीएनजी अनुबंधित बसों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों से नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, हिसार आदि शहरों के लिए परिवहन निगम 68 सीएनजी बसें चलाएगा।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में कांस्टेबल के एक हजार नए पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। वही साइबर क्राइम रोकने के लिए अल्मोड़ा व श्रीनगर महिला थाने में साइबर थाने भी खोले जाएंगे।