April 25, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

लैब टेक्निीशियन ने काली पट्टी बांधकर किया काम….उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़(13 अक्टूबर)

◆ देहरादून और सेलाकुई के बीच बीती रात हुई भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब सेलाकुई से देहरादून की ओर आ रहे मालवाहक कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगाए। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक डंपर कंटेनर से टकरा गया।

◆ हिन्दी और भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री व टेलीविजन कलाकार भाग्यश्री सपरिवार परमार्थ निकेतन पहुंची। यहां उन्होंने स्वामी चिदानन्द सरस्वती से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान स्वामी चिदानंद सरस्वती ने उन्‍हें रूद्राक्ष का पौधा भेंट किया।

◆चमोली में कोविड वैक्सीनेशन के लिए 14 अक्टूबर को महाभियान चलाया जाएगा। जिसमें अधिक से अधिक लोगों को कोविड की दूसरी डोज लगाने के साथ ही छूटे हुए लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। वैक्सीनेशन महाभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून के निरंजनपुर में आयोजित समारोह में मिनी झील का शिलान्यास किया। आईटीबीपी सीमाद्वार के नजदीक पूर्व के मछली तालाब को सौंदर्यकृत करके मिनी झील के रूप में विकसित करने का यह कार्य नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है।

◆ अल्मोड़ा में भी इन दिनों दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम है। इस बार अलग-अलग स्थानों पर देवी दुर्गा के विभिन्न रूप बनाए गए हैं, जहां दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा है। पूजा पंडालों में भजन-कीर्तन किया जा रहा है। पिछले साल कोविड की वजह से दुर्गा पूजा महोत्सव बेहद सादगी से मनाया गया था।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 17 विभागों की 94 करोड़ 24 लाख 23 हजार लागत वाली जन कल्याणकारी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में आईसीयू वार्ड का उद्घाटन भी किया।

◆ टेक्निीशियन संवग में पदोन्नति व सेवा नियमावली जारी करने सहित अन्य मांगों को समर्थन में उत्तराखंड मेडिकल लैब टेक्निीशियन ने काली पट्टी बांधकर काम किया। उन्होंने कहा कि 15 अक्तूबर तक इसी तरह चिकित्सालयों में कार्य करेंगे। कहा कि आने वाले समय में आंदोलन को तेज किया जाएगा।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऊधमसिंह नगर पहुंच कर किच्छा विधानसभा में 8 करोड़ 50 लाख रुपए की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और 96 करोड़ 42 लाख रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होने कई घोषणा भी की।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अन्तरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाय कि पुनर्वासित परिवारों को पुनर्वास क्षेत्र में बिजली, पानी एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पर्याप्त व्यवस्था हो।

◆ साइबर अपराधियों की बढ़ती चुनौतियों पर लगाम कसने और अपराध नियंत्रण में साइबर तकनीकी के इस्तेमाल को प्रोत्साहन देने के लिए उत्तराखंड पुलिस पहली बार साइबर हैकाथॉन आयोजित करने जा रही है। जिसमें विजेताओं को एक लाख रुपए तक का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।