◆ सोशल मीडिया के माध्यम से किशोरी का आपत्तिजनक विडीयो प्राप्त कर वायरल करने की धमकी देने वाले एक युवक को बलिया, उ.प्र. से किया गिरफ़्तार। आमजन से अपील कि अनजान व्यक्ति का रिक्वेस्ट एक्सेप्ट ना करें। आमजन के साथ उत्तराखंड पुलिस।
◆ डीजीपी अशोक कुमार ने जनपद हरिद्वार स्थित फ़ायर स्टेशन मायापुर व पुलिस लाइन रोशनाबाद का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन स्थित मॉडर्न स्कूल में कक्षाओं के निर्माण, व्यायामशाला के विस्तार, लावारिस वाहनों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए।
◆ कोटद्वार कण्वघाटी में भाबर के हल्दूखाता में ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि चयनित करने से आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने हल्दूखाता बिजली घर के लोकार्पण के लिए आ रहे वन एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को काले झंडे दिखाए।
◆ विद्यालय शिक्षा व पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडेय ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए एक बड़े नेता को गिद्ध कहा।
◆ सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले और शांति व्यवस्था भंग करने वाले के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत जनपद पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा 31 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की गयी है।
◆ लापता विवाहिता जो बिन बताए घर से कहीं चली गयी थी, को बद्दी हिमाचल प्रदेश से बरामद किया गया है जो किसी परिचित के यहाँ रहने चली गयी थी। न्यायालय में गुमशुदा का बयान दर्ज कराया गया।
◆ रुद्रप्रयाग के नेहरू युवा केंद्र में नदी उत्सव के अंतर्गत गुलाबराय मैदान में सांस्कृतिक प्रतियोगिता और स्टोरी टेलिंग ऑन लोकल फ्रीडम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नमामि गंगे के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में लगभग 100 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
◆ स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने आज श्रीनगर में अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत आरोग्य संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होनें दो दिवसीय आयुष्मान कार्ड शिविर का निरीक्षण भी किया गया। उन्होनें कहा कि केंद्र व राज्य सरकार विकास की ओर लगातार सकारात्मक कार्य कर रही है।
◆ वीर चन्द्र सिंह गढवाली पर्यटन स्वरोजगार एवं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजनाओं के तहत सोमवार को जनपद चमोली में 19 लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु चयन हुआ। जिसमें लाभार्थियों को 3 करोड 36 लाख, 59 हजार के ऋण आवंटन को मंजूरी दी गई।
◆ प्रदेश में इन दिनों शीतलहर चल रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में पारा नीचे गिरने से लोग ठिठुर रहे हैं, और मैदानी इलाकों में गलन भरी ठंड हो रही है। दिन में अच्छी धूप खिलने से कुछ राहत भी है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड ज्यादा बढ़ रही है।
◆ उत्तराखंड सरकार ने ऋषभ पंत को राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है। उन्होने कहा कि राज्य के युवाओं को खेलकूद एवं जन- स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऋषभ पंत को”राज्य ब्रांड एंबेसडर” नियुक्त किया है।