अल्मोड़ा। आगामी पर्यटन सीजन और शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने जनपद की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित और ‘स्मार्ट’ बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर
अब नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की तीसरी आँख यानी सीसीटीवी कैमरों की चौबीसों घंटे पैनी नजर रहेगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए आधुनिक तकनीकों का व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। शहर के मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिस पर कंट्रोल रूम से 24×7 निगरानी की जा रही है। नो पार्किंग, बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग जैसे उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दिए यह निर्देश
बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। इसके जरिए वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ-साथ जाम की स्थिति में तत्काल निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करना (नो पार्किंग) व बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने पर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही एसएसपी ने कंट्रोल रूम को निर्देशित किया है कि जैसे ही शहर में कहीं भी जाम की स्थिति बने या नियमों का उल्लंघन दिखे, तत्काल संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को सूचित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।