उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (19 जून,रविवार, आषाढ़ कृष्ण पक्ष, पंचमी-षष्ठी, विं.सं. 2079)

Ten

◆ मुख्यमंत्री धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं आवास से सम्बन्धित प्रदेश में संचालित विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से चर्चा की।

◆ बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यातायात बाधित हो गया है। सभी वाहनों को रोका गया है।

◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना से देश की सेना और ज्यादा शक्तिशाली होने वाली है। उन्होंने कहा 75 प्रतिशत अग्निवीर 4 साल में अपने राष्ट्र की सेवा करने के बाद समाज में जाएंगे तो वह अनुशासन समाज, देश के प्रति प्रेम और एक सभ्य समाज बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।

◆चारधाम यात्रा में अभी तक 21 लाख 93 हजार 272 तीर्थयात्री चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। बारिश के बाद भी तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं।

◆ एवरेस्ट विजेता बछेंद्री पाल के नेतृत्व में ट्रांस हिमालय महिला पर्वतारोहण अभियान दल लार्ड कर्जन रोड से होते हुए रविवार को निजमुला घाटी में पहुंचा। ख़ास बात यह है कि टीम में अधिकांश 50 से 68 साल के महिला ट्रेकर शामिल हैं।

◆ शिक्षा विभाग में 131 प्रशासनिक अधिकारियों को पदोन्नत कर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बनाया गया है। पदोन्नति पाने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न स्कूलों एवं कार्यालयों में नई तैनाती दी गई है।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को स्वच्छता और अन्य क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, जिसके लिए राज्य सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने आज देहरादून में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में ये बात कही।

◆ मसूरी के एक नामी स्कूल में 12वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ का आरोप स्कूल के ही अध्यापक पर लगा है। मसूरी कोतवाली पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार लिया। छात्रा तिब्बती मूल की है।

◆ देहरादून स्थित पांच सितारा होटल में ठहरे छत्तीसगढ़ के एक 15 वर्षीय किशोर ने वहां काम करने वाली एक 24 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया।

◆ जानेमाने फोटो पत्रकार कमल शर्मा को फ्रांस के एक विश्वविद्यालय ने उनकी अपने क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धि को मान्यता देते हुए मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया है।