उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़(17 दिसम्बर, शनिवार, पौष, कृष्ण पक्ष, नवमी, वि. सं. 2079)

Ten

◆ प्रदेश में स्थानीय उत्पादों की खेती को प्रोत्साहन देने के लिये मडुवा और अन्य फसलो को सीधा किसानों के खेत से खरीदा जायेगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून में कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में किसानों के हित में कई फैसले लेते हुये यह जानकारी दी।

◆ मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि प्रदेश की नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा दी जाएगी। आज देहरादून में अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह बात कही। यह बैडमिंटन प्रतियोगिता 17 से 19 दिसम्बर 2022 तक चलेगा।

◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राजभवन में ट्यूलिप बल्ब का रोपण किया। इस वर्ष राजभवन में ट्यूलिप की 13 प्रजातियों के 4500 बल्ब्स रोपित किए जा रहे हैं। यह बल्ब वसंतोत्सव 2023 तक पुष्पावस्था में रहेंगे।

◆ भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पाकिस्तानी विदेश मंत्री की अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। देहरादून में बीजेपी महानगर कार्यालय से घंटाघर चौक तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने आक्रोश रैली निकाली।

◆ कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज नई दिल्ली में एग्रीकल्चरल मार्केटिंग बोर्ड्स के चैयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी पैदावार का सही दाम मिले, सीधे किसानों से उपज ले कर खरीदना ये हमारी जिम्मेदारी होगी।

◆ अंकिता भंडारी हत्याकांड की सोमवार को दाखिल होगी चार्जशीट उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में एसआईटी सोमवार को अपनी 100 गवाहों और 500 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करेगी।

◆ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि टिहरी को वर्ल्ड क्लास डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जायेगा, जिसमें उत्तराखण्ड की पारंपरिक काष्ठकला को शामिल कर अद्भुत नगर बनाया जायेगा। श्री महाराज ने आज जिले में 12 करोड़ 90 लाख की 12 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

◆ 19 दिसम्बर को देहरादून में स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में राज्य स्तर पर निकायों के बेहतर प्रदर्शन के आधार पर श्रेणीवार अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2022-23 प्रदान किया जाएगा।

◆ ऋषिकेश में मुनिकीरेती थाना पुलिस ने होटलों में ठहरने और बिल देने के समय फरार होने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। तपोवन के एक होटल को 58,632 रुपये की चपत लगाने के बाद ठग दो महीने से फरार चल रहा था। 

◆ मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिन तक ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है और ठंड में इजाफा हो सकता है।