उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (18 जुलाई, सोमवार, श्रावण कृष्ण पक्ष, पंचमी, वि. सं. 2079)

Ten

◆ आज सावन माह का पहला सोमवार है। इस मौके पर शिवभक्तों का टपकेश्वर मंदिर समेत, प्रदेश के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में, भोले बाबा के जयकारे गूँजते रहे। श्रद्धालुओं ने, शिवालयों में शिवलिंग पर बेल पत्र और जलाभिषेक किया।

◆ केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा है कि जमरानी बांध का निर्माण जल्द शुरू होगा। नैनीताल जिले के काठगोदाम से 10 किलोमीटर अपस्ट्रीम में गोला नदी पर 130 दशमलव 6 मीटर की ऊंचाई पर जमरानी बांध निर्मित किया जाना है।

◆ मौसम विभाग ने कल से 22 जुलाई तक प्रदेश के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंहनगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के आयुक्त के साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी पूरी करने के साथ ही जल्द अभियान को शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा लगाया जाना है।

◆ प्रदेश में कोविड़ टीकाकरण अभियान जारी है। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि अब तक 1 करोड़ 84 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शत-प्रतिशत लोगों को टीके की पहली डोज जबकि 94 प्रतिशत लोगों को टीके की दूसरी डोज लग चुकी है।

◆ राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज शाम मतदान संपन्न हो गया है। प्रदेश के 67 विधायकों और आठ सांसदों ने मतदान में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य विधायकों ने राज्य विधानसभा स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला।

◆ बीते 24 घंटे के भीतर प्रदेश में 117 नए संक्रमित मिले हैं। जबकि 25 मरीज ठीक हुए।

◆ पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरिद्वार के कांग्रेसियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कुछ लोग चार साल, ग्यारह महीने कट्टर कांग्रेसी होते हैं, लेकिन चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट नहीं करते।

◆ बागेश्वर जिले की सुंदरढूंगा घाटी में बीते नौ माह से लापता गाइड खिलाफ सिंह दानू का शव पुलिस ने रेस्क्यू कर लिया है। उसे परिजनों को सौंप दिया है।

◆ हरिद्वार: सुरक्षा के दृष्टिगत बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमों ने आज प्रसिद्ध बिल्केश्वर मंदिर, हर की पैड़ी, दक्ष प्रजापति मंदिर, रेलवे स्टेशन और अन्य कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स के स्वर्ण और कांस्य पदक विजेता फुटबॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया। खेलो इंडिया के अंतर्गत 30 अप्रैल से 3 मई तक दिल्ली में खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स का आयोजन किया गया था।