सुबह की ताजा ख़बरें (20 अक्टूबर, विश्व ऑस्टियोपोरोसिस दिवस)

◆ ई-नगेट्स गेमिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय कोलकाता के उल्टाडांगा इलाके में कारोबारी उमेश अग्रवाल के कार्यालय और आवास पर छापेमारी कर रही है। छापे में भारी मात्रा में धन बरामद किया गया है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

◆ डेनमार्क ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पुरूष सिंगल्स में लक्ष्य सेन और एच. एस. प्रणय दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। वहीं, महिला सिंगल्स में साइना नेहवाल को हार का सामना करना पड़ा है। पुरुष डबल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी दूसरे दौर में पहुँच गई है।

◆ प्रधानमंत्री ने कहा-तटीय क्षेत्रों में समुदायों के कल्‍याण और इसके बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकता। गुजरात के जूनागढ में विभिन्‍न परियोजनाओं की आधारशिला रखी

◆ प्रधानमंत्री ने गांधीनगर में 12वीं रक्षा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

◆ प्रधानमंत्री शुक्रवार को उत्तराखंड में केदारनाथ और बद्रीनाथ जाएंगे। वे गौरीकुंड को केदारनाथ से और गोविंदघाट को हेमकुंड साहिब से जोडने वाली दो नई रोपवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री पहले श्रीकेदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चाना करेंगे।

◆ संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरेस ने मुम्बई में 26/11 हमले में मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुम्बई में उन्होंने कहा, भारत हमेशा विकासशील देशों की चिंताओं को दूर करने और आकांक्षाओं को पूरा करने का हिमायती रहा है।

◆ जम्मूकश्मीर में ऊंचाई वाले पर्वतीय स्थलों पर पिछले 24 घंटे में हल्का हिमपात हुआ है जिसकी वजह से दिन के तापमान में गिरावट आई। जम्मू संभाग के सीमावर्ती राजौरी और पुंछ जिलों को जोडने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर फिसलन की वजह से यातायात रोक दिया गया।

◆ चीन ने संयुक्‍त राष्‍ट्र में फिर पाकिस्‍तान स्थित लश्‍करे तैयबा के आतंकवादी शाहिद महमूद को वैश्विक आतंकवादी के रूप में घोषित करने के भारत और अमरीका के प्रस्‍ताव पर रोक लगाई। ये चौथी बार है, जब चीन ने पाक स्थित किसी आतंकी गुट को वैश्विक आतंकवादी सूची में शामिल करने पर रोक लगाई है।

◆ डेनमार्क ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पुरुष सिंगल्स में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता किदांबी श्रीकांत ने 16वें दौर में प्रवेश कर लिया। विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने हांगकांग के निग का लांग एंगस को 17-21, 21-14, 21-12 से हराया।

◆ मुंबई में 3 जगहों पर बम धमाकों की फोन कॉल आई। सुरक्षा एजेंसियां फोन करने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। कॉलर ने दावा किया कि इंफिनिटी मॉल अंधेरी, पीवीआर मॉल जुहू और सहारा होटल एयरपोर्ट में विस्फोट होंगे।

◆ ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन को प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस ने सितंबर महीने में गृह मंत्री बनाया था।

◆ म्यांमार की कुख्यात इनसेन जेल में बम धमाका, कम से कम 8 की मौत की खबर आई है।