उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (27 जुलाई, बुधवार , श्रावण कृष्ण पक्ष, चतुर्दशी , वि. सं. 2079)

Ten

◆ चमोली जिले में ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना की अध्यक्षता में चमोली क्लेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।

◆ आज वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने आबकारी विभाग में राजस्व बढ़ाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने सितंबर माह तक होलोग्राम और ट्रैकिंग कार्य दुरस्त करने को कहा।

◆ देहरादून की जिलाधिकारी सोनिका ने आज सदर तहसील का औचक निरीक्षण करते हुए संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उप जिलाधिकारी व तहसीलदार सदर को तहसील में संचालित व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिये।

◆ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने आज राजभवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में और अधिक होम स्टे पंजीकृत कर स्वरोजगार को बढ़ाने की आवश्यकता है।

◆ आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश में 75 दिनों को विशेष टीकाकरण (बूस्टर डोज) अभियान जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में चल रहे कोविड टीकाकरण कैम्प का निरीक्षण कर टीकाकरण अभियान से जुड़े स्वास्थ्य कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया।

◆ पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कहा कि रिश्वतखोर नई पीढ़ी के युवाओं के सपनों से अत्याचार कर रहे हैं। आयोग की भर्तियों में हो रहे घपले-घोटोलों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी गंभीर हैं। वह बड़े एक्शन का संकेत दे चुके हैं।

◆ बुधवार को एक बार फिर राज्य में 284 नए कोरोना मरीज मिले और 152 मरीज इलाज के बाद ठीक हुए।

◆ कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि प्रदेश में ग्राम स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को फिर से सक्रिय करने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन 21 सांगठनिक जिलों, नगर कांग्रेस कमेटियों सहित 225 ब्लाक व नगर कांग्रेस कमेटी को सक्रिय किया जा रहा है।

◆ इस मॉनसून में उत्तराखंड जल विद्युत निगम के विद्युत गृहों के उत्पादन में इजाफा हुआ है। इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अब तक रिकार्ड 1941 मिलियन यूनिट उत्पादन किया गया है।

◆ स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने आज देहरादून में प्रदेश के राजकीय अस्पतालों में एनसीयू वार्डों को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी ली।

◆ मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में 27 से 30 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।