अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार नशे के खिलाफ अभियान जारी है।
पुलिस की कार्यवाही
इसी क्रम में SOG और भतरौजखान पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात सघन चेकिंग के दौरान तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 13.63 लाख रुपये से अधिक कीमत की बड़ी खेप बरामद की है। सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण, भतरौजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम 2-3 अक्टूबर की मध्य रात्रि को चौकी तिराहा जेनल भिकियासैंण मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की मारुति स्विफ्ट कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 4 कट्टों में भरा कुल 54.542 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 13,63,550 रुपये बताई जा रही है।
रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस ने मौके से ही तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार को एनडीपीएस एक्ट के तहत सीज कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अफ्फान (21 वर्ष), पुत्र निसार अहमद, निवासी टांडा बादली, जिला रामपुर (उ.प्र.), अदनान (20 वर्ष), पुत्र अजहर अली, निवासी टांडा बादली, जिला रामपुर (उ.प्र.) व अजय चौहान (23 वर्ष), पुत्र हरि सिंह, निवासी ग्राम फन्तावाला, टांडा बादली, जिला रामपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
जांच शुरू
थाना भतरौजखान में तीनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 8/20/60 NDPS एक्ट (FIR No. 22/2026) के तहत मामला पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (नशा कहां से लाया गया और कहां सप्लाई किया जाना था) की गहनता से जांच कर रही है।
रहें शामिल
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, अपर उपनिरीक्षक महेंद्र पाल सिंह, मुख्य आरक्षी राजाराम, प्रकाश सिंह, श्रवण सैनी (थाना भतरौजखान) तथा मुख्य आरक्षी अवधेश कुमार व आरक्षी नीरज पाल (SOG अल्मोड़ा) शामिल रहे।