पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 91 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। इस संबंध में एसएसपी सर्वेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सावित्री देवी का निधन पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर ही हुआ है। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को भी घर बुलाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिवार की ओर से भी निधन की पुष्टि कर दी गई है, जिसके बाद से पैतृक गांव पंचूर में शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
परिवार और पैतृक गांव से खास जुड़ाव
माता सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रह रही थीं। योगी आदित्यनाथ के परिवार में चार भाई और तीन बहनें हैं, जिनमें वे दूसरे नंबर के हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बीच समय-समय पर पंचूर गांव जाकर अपनी मां से मुलाकात करते थे और उनका हालचाल जानते थे। इससे पहले वे मई 2022 और फरवरी 2026 में भी अपने पैतृक गांव गए थे, जहां मां के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं।
कोविड के कारण पिता के अंतिम संस्कार में नहीं हो पाए थे शामिल
गौरतलब है कि सीएम योगी के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे। 20 अप्रैल 2020 को उनका निधन हुआ था। उस समय देश में लागू कोविड-19 लॉकडाउन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।