उत्तराखंड: जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर के बोहरी, डिमऊ और गडोल गांवों में भगवान परशुराम व मां रेणुका जी के ग्यास पर्व की शुरुआत हो गई है।
ग्यास पर्व की शुरुआत
जानकारी के अनुसार आज 20 नवंबर को तीनों गांवों के मंदिरों में भगवान परशुराम व मां रेणुका के नाम की श्रद्धालु रात लगाएंगे। बोहरी गांव स्थित मंदिर में 19 नवंबर की रात्रि को श्री रामचंद्र लीला का भव्य आयोजन किया गया। रामलीला का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता चौहान ने किया। इस अवसर पर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से मन्नत पूर्ण होने वाले श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरी रात मंदिर परिसर भजन-कीर्तन, भगवान परशुराम व मां रेणुका जी के जयकारों और हिमाचली व जौनसारी नाटी से गुलजार रहा। 20 नवंबर को सुबह 10 बजे देव पालकी के साथ सभी देव चिन्ह शाही स्नान के लिए बाहर निकले। शाही स्नान के पश्चात भगवान परशुराम व मां रेणुका जी अपने गर्भगृह में विराजमान होते हैं।
पूरी होती है मन्नत
मान्यता है कि जिन श्रद्धालुओं की भगवान परशुराम जी के मंदिर में रात लगाने की मन्नत पूरी होती है, वे सपरिवार भगवान परशुराम व मां रेणुका जी के दरबार में पहुंचते हैं। साहिया क्षेत्र के बोहरी गांव में भगवान परशुराम व मां रेणुका जी का भव्य मंदिर स्थित है।