◆ पौड़ी के इनडोर स्टेडियम में आज से राज्य स्तरीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट शुरू हुआ। इस प्रतियोगिता में देहरादून, नैनीताल, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार, अल्मोड़ा और पौड़ी जिलों के 240 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 120 बालक और 120 बालिकाएं शामिल हैं।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह से आज देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी नीरजा गोयल ने मुलाकात की। नीरजा अंर्तराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी और राष्ट्रीय चैंपियन भी हैं। नवम्बर माह में जापान में होने वाली वर्ल्ड चौंपियनशिप प्रतियोगिता में नीरजा प्रतिभाग करेंगी।
◆ मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय रंगोली कलाकार शिखा शर्मा ने नवरात्रि के मौके पर केदारनाथ में देवी मां की रंगोली बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। केदारनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में बनी इस सुंदर रंगोली को देखकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
◆ मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिवंगत अंकिता भंडारी के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिल सके, इसके लिये फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के लिए न्यायालय से अनुरोध किया गया है।
◆ अल्मोड़ा में किसान मेले में शामिल होने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों से किसान पहुंच रहे हैं। विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ने हवालबाग में किसान मेला अयोजित किया है। मेला परिसर में किसानों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है।
◆ UKSSSC पेपर लीक मामले में परीक्षा कराने वाली कंपनी RMS सोल्युशंस के के सी.ई.ओ. को उत्तराखंड पुलिस STF ने ओएमआर शीट में गड़बड़ी करने के आरोप में किया गिरफ्तार।
◆ आज शाम करीब छह बजे धरासू बैंड के पास यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन हुआ जिसका मलबा व बोल्डर यमुनोत्री हाईवे के नीचे से गुजरने वाले गंगोत्री हाईवे पर भी आ गिरा जिसके चलते दोनों हाईवे पर आवाजाही पूर्ण रुप से बाधित हो गई है।
◆ पौड़ी जिले के मूल निवासी लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान देश के दूसरे सीडीएस बने हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें शुभकामनाएं दी ।
◆ काशीपुर की सुहानी ने रिया बनकर राजस्थान के युवक से शादी रचा ली। शादी के एक हफ्ते बाद 50 हजार की नगदी और जेवरात लेकर हुई फ़रार। पुलिस ने गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
◆ उत्तराखंड सरकार ने माध्यमिक और उच्च शिक्षा में अनिवार्य तबादलों की लिस्ट में आए उन शिक्षकों को तबादलों में छूट दे दी है जो दुर्गम में ही सेवाएं देना चाहते हैं।
◆ उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी 12 नवम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन करेगी। पौड़ी, कोटद्वार, श्रीनगर, लैन्सडाउन और धुमाकोट में ये लोक अदालत लगाई जाएगी।