◆ अल्मोड़ा के ग्राम कटारमल में स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में आज पौष मेले का आयोजन किया गया। मान्यता है कि पौष माह में भगवान सूर्य की विशेष पूजा होती है। प्रतिवर्ष यहां ग्रामीणों के सहयोग से पौष के अंतिम रविवार को मेला लगता है। इस बार भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।
◆ जोशीमठ में भूं धसाव के चलते प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन ने राहत शिविरों में रहने की व्यवस्था की है। जरूरतमंद लोगों को ड्राई राशन किट और कुक्ड फूड पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल टीमें भी तैनात की गई है।
◆ जोशीमठ नगर के मारवाड़ी वार्ड में आज चमोली जिला प्रशासन की टीम ने भी घर-घर जाकर भूधंसाव की स्थिति का जायजा लिया। जिन घरों में दरारें मिली हैं, उन परिवारों को तत्काल शिफ्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना मारवाड़ी वार्ड में घर-घर जाकर प्रभावित लोगों से मिले।
◆ आज मुख्य सचिव डॉ एस. एस. संधु के साथ ही डीजीपी अशोक कुमार और सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने जोशीमठ पहुंचकर भूधंसाव क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि तत्कालिक रूप से नागरिकों की सुरक्षा बेहद अहम है और स्थानीय प्रशासन इसके लिए लगातार काम कर रहा है।
◆ जी-20 देशों के प्रस्तावित सम्मेलन कार्यक्रम के अंतर्गत सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का परमार्थ निकेतन आश्रम में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पौड़ी के जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने लक्ष्मण झूला में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
◆ डोईवाला नगर पालिका ने 2023 स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। डोईवाला नगरपालिका ने वेस्टेज सामग्री का इस्तेमाल कर ग्रीन पार्क का निर्माण किया है। डोईवाला नगर पालिका के कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने श्रमदान कर यह पार्क तैयार किया है।
◆ जोशीमठ भूमि धंसाव पर हरीश रावत ने कहा “यदि विशेषज्ञ कहते हैं कि सुरंग या अन्य कारक अपराधी हैं, तो उन सभी को रोका जाना चाहिए और चीजों को नए सिरे से उठाया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों की एक समिति बनाई जानी चाहिए, और सभी के साथ निरंतर परामर्श करके सुधार किया जाना चाहिए”।
◆ राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कला उत्सव प्रतियोगिता 2022-23 में उत्तराखण्ड के बागेश्वर की मनीषा रावल ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मनीषा ने स्थानीय खेल-खिलौने विद्या के अन्तर्गत राष्ट्रीय स्तर की कला उत्सव प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था।
◆ उत्तराखंड के जोशीमठ शहर में जमीन धंसने से पैदा स्थिति की समीक्षा के लिए आज प्रधानमंत्री कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक हो रही है।
◆ पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि जघन्य अपराधों की विवेचना की निगरानी करेगा। पुलिस मुख्यालय ऐसे केसों को रेड फ्लैग व डबल रेड फ्लैग श्रेणी में रखा गया है और इनके ट्रायल तक इनपर निगरानी होगी। रेड फ्लैग केस की निगरानी रेंज स्तर पर व डबल रेड फ्लैग खेज़ की निगरानी पुलिस मुख्यालय से होगी।