◆ बागेश्वर में बारिश और भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग बागेश्वर -कपकोट- मुनस्यारी हरसिला के समीप पहाड़ दरकने से बंद हो गया है। जिले में तीन दिन से हो रही बारिश से किसानों की फसल पूरी तरह खराब हो गई है। गरुड़, बागेश्वर और दुग-नाकुरी के खेतों में सबसे अधिक नुकसान हुआ है।
◆ नैनीताल जिले में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से जिले में गौला नदी समेत अन्य नदियां व नाले उफान पर हैं। भारी बारिश और जलजमाव के कारण जनजीवन ठप हो गया है। बारिश और भूस्खलन के कारण जिले में करीब 27 सड़कें बंद हैं।
◆ उत्तरकाशी के द्रौपदी का डांडा पर्वत पर 4 अक्टूबर को हुए हिमस्खलन में सेना का बचाव अभियान आज भी जारी रहा। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के अनुसार अब तक कुल 27 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 2 लापता पर्वतरोहियों की तलाश जारी है।
◆ आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंच दशनाम जूना अखाड़ा की पवित्र छड़ी यात्रा का हरिद्वार स्थित अधिष्ठात्री माया देवी और आनन्द भैरव मन्दिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर स्वागत व अभिनन्दन किया।
◆ आज महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाई जा रही है। संत कवि महर्षि वाल्मीकि ने आदि ग्रंथ रामायण की रचना की थी। इस अवसर पर प्रदेश भर में कई आयोजन किये जा रहे हैं। राज्यपाल गुरमीत सिंह
और मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दी है।
◆ मुख्यमंत्री धामी
ने प्रदेशवासियों को विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को ईद ए मिलाद उन नबी पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का मानव सेवा का संदेश सदैव समाज के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
◆ प्रदेश में आज और कल दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गयी है और 2 अन्य घायल हैं। आज पौड़ी के पैडुल में एक वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक अन्य घायल का रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
◆ उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भर्ती मामले में पूर्व सीएम हरीश रावत ने माफी मांगी है। ये माफी उन्होंने आयोग अध्यक्ष समेत अन्य अफसरों के चयन में चूक को लेकर मांगी। सोशल मीडिया में शेयर है।
◆ रूड़की में सैन्य अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने एक कारोबारी से 1.90 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित कारोबारी ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है।
◆ अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 2016 में हुई वीपीडीओ के (ग्राम पंचायत विकास अधिकारी) के 196 पदों पर हुई भर्ती परीक्षा में ओएमआर शीट में फ्ल्यूड और ब्लेड से छेड़छाड़ की गई थी।
◆ मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिन तेज़ वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। पहाड़ी जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है।