उत्तराखंड: यूपीसीएल की नई पहल: स्मार्ट मीटर से बढ़ेगी उपभोक्ताओं की सुरक्षा, वायरिंग में खराबी और करंट का खतरा होते ही मोबाइल पर आएगा अलर्ट

उत्तराखंड: उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने स्मार्ट मीटरिंग को तकनीक और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से जोड़ते हुए एक खास सुविधा शुरू की है।

आएगा मैसेज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसके बाद अब राज्य में लगे स्मार्ट मीटर केवल बिजली की खपत का लेखा-जोखा ही नहीं रखेंगे, बल्कि घर की वायरिंग या उपकरणों में ‘अर्थ लीकेज’ होते ही उपभोक्ताओं को तुरंत अलर्ट भी करेंगे। निगम ने इस तकनीक के तहत प्रभावित उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तत्काल एसएमएस (SMS) भेजने की नई व्यवस्था लागू कर दी है।

जानें कैसे काम करेगी यह नई तकनीक

​यूपीसीएल के अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी घर के आंतरिक विद्युत तंत्र या उपकरणों में अर्थ लीकेज की समस्या उत्पन्न होती है, तो स्मार्ट मीटर इसे पलभर में पहचान लेगा। इसके बाद स्मार्ट मीटर की स्क्रीन पर अर्थ लीकेज का संकेत दिखाई देने लगेगा। उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल पर तुरंत एक चेतावनी SMS संदेश भेजा जाएगा। इस अलर्ट से उपभोक्ताओं को समय रहते घर की वायरिंग की जांच कराने का मौका मिलेगा, जिससे वे किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच सकेंगे। निगम का कहना है कि यह आधुनिक तकनीक न केवल अनावश्यक बिजली की बर्बादी (करंट लीकेज) को रोकेगी, बल्कि शॉर्ट सर्किट से होने वाली आगजनी और बिजली के झटकों जैसे हादसों के जोखिम को भी काफी हद तक समाप्त करेगी।