उत्तराखंड: प्राकृतिक आपदाओं और वर्षा जनित संकटों की दृष्टि से बेहद संवेदनशील उत्तराखंड ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान दर्ज कराई है।
उत्तराखंड की सराहना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की अध्यक्षता में ओडिशा के पुरी में 3 से 5 जून 2026 तक आयोजित ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण (DRR) कार्य समूह की द्वितीय तकनीकी बैठक में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल की मुक्त कंठ से सराहना की गई। तीन दिवसीय इस अहम बैठक में उत्तराखंड द्वारा अपनाए गए आपदा प्रबंधन के तौर-तरीकों ने सभी वैश्विक प्रतिनिधियों का ध्यान खींचा। विषम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, विभिन्न विभागों के बीच मजबूत समन्वय और राहत कार्यों में आधुनिक तकनीक के बेहतरीन इस्तेमाल को लेकर राज्य की खुले मंच से प्रशंसा की गई। इस मॉडल को अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए भी बेहद उपयोगी माना गया।
बैठक में शामिल हुए 11 देशों के प्रतिनिधि
ओडिशा के पुरी में आयोजित इस उच्च स्तरीय तकनीकी बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया सहित 11 ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए।