उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: केदारघाटी में भारी बर्फबारी, ITBP जवानों ने संभाला है मोर्चा

​उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम में बदलाव हुआ है। इससे पहाड़ों में कड़ाके की ठंड लौट आई है। केदारनाथ समेत ऊँचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के बाद पूरी घाटी सफेद चादर से ढक गई है।

केदारनाथ में जमी बर्फ

वहीं मौसम विभाग ने आज भी पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केदारनाथ धाम में चार फीट तक बर्फ जम गई है। केदारनाथ धाम में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के कारण, पूरा केदारनाथ कस्बा लगभग तीन से चार फीट मोटी बर्फ की चादर से ढक गया है। मंदिर कमिटी की ओर से बताया गया है कि खराब मौसम और शून्य से नीचे के तापमान के बावजूद उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान पूरी तरह से सतर्क हैं। भारी बर्फबारी के बीच सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जवान स्वयं ही बैरकों के आसपास जमी बर्फ हटाकर व्यवस्थाएं सुचारू कर रहे हैं ताकि सुरक्षा घेरा मजबूत बना रहे।

अगले 24 घंटों का मौसम पूर्वानुमान

वहीं मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 3300 मीटर से अधिक ऊँचाई पर हिमपात और निचले इलाकों में हल्की वर्षा के आसार जताए हैं। इन क्षेत्रों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। देहरादून समेत मैदानी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।