उत्तराखंड: महिला की चाकू मार कर हत्या, दम तोड़ने से पहले मृतका ने पुलिस को बताई ये बात….

यहां रात्रि में एक महिला की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। जिसके बाद से महिला का पति और बेटा गायब है । फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

जानें पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार खबर हरिद्वार से सामने आई है। यहां पति और बेटे के साथ पिरान कलियर पहुंची महिला की बावन दर्रे के पास देर रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पति और बेटा गायब है। महिला सहारनपुर की रहने वाली है।पुलिस के अनुसार सकीना (25) रविवार को अपने पति सुहैल और बेटे के साथ कलियर आई थी। देर रात धनौरी के बावन दर्रे के पास किसी ने महिला के पेट में चाकू घोंप दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर कलियर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

जांच में जुटी पुलिस

दम तोड़ने से पहले महिला ने पुलिस को बताया कि उसके साथ उसका पति और बच्चा भी था, जिसके बाद पुलिस महिला के पति और बच्चे की तलाश में जुट गई है। सूचना मिलने पर एसएसपी अजय सिंह ने कलियर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फिलहाल हत्या क्यों की गई इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।