26 जनवरी को दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड आयोजित हुई। जिसमें अलग-अलग राज्यों की झांकियों ने मन मोहा।
लोगों के वोटों के आधार पर मिला तीसरा स्थान
जिसमें उत्तराखंड की झांकी तीसरे स्थान पर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले स्थान पर गुजरात की ‘स्वर्णिम भारत: विकास और विरासत’ पर आधारित झांकी रहीं। वहीं दूसरा स्थान उत्तर प्रदेश की झांकी ‘महाकुंभ 2025: स्वर्णिम भारत विकास और विरासत’ को मिला। तीसरे स्थान पर उत्तराखंड की झांकी रहीं। यह झांकी ‘सांस्कृतिक धरोहर और साहसिक खेल’ पर आधारित थी। उत्तराखंड की झांकी को यह स्थान लोगों के वोटों के आधार पर मिला है।
झांकी में यह शामिल
इस झांकी में उत्तराखंड की पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया है। झांकी के अगले भाग में उत्तराखंड की प्रसिद्ध ऐपण कला को बनाते हुए एक पारंपरिक वेशभूषा में महिला को दिखाया गया है। वहीं झांकी के ट्रेलर पार्ट में उत्तराखंड के साहसिक खेलों एवं साहसिक पर्यटन को चित्रित किया गया है। इसमें नैनीताल और मसूरी में हिल साइकिलिंग, फूलों की घाटी और केदारकांठा की ट्रेकिंग, ओली में स्नो स्कीइंग, ऋषिकेश में योगा, बंजी जंपिंग, जिप-लाइनिंग एवं रॉक क्लाइंबिंग की रोमांचकारी गतिविधियों को दिखाया गया है।