उत्तरकाशी: केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन का कहर, दो ट्रैकर्स के शव बरामद, 6 लोग लापता, रेस्क्यू अभियान जारी

​
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के प्रसिद्ध केदारताल ट्रेक पर भारी बर्फबारी और एवलांच (हिमस्खलन) की चपेट में आए 8 सदस्यीय ट्रैकिंग दल के मामले में बचाव दल को दो शव बरामद करने में सफलता मिली है। जबकि 6 अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

चलाया अभियान

लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, सोल सीकर ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से 7 ट्रैकर्स और 1 गाइड का एक दल गंगोत्री से केदारताल की यात्रा पर गया था। इस वापसी के दौरान 30 अक्टूबर को करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर यह पूरा दल अचानक भारी बर्फबारी और एवलांच की चपेट में आ गया। इस घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त टीम ने युद्ध स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने एक पुरुष और एक महिला का शव बरामद कर लिया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

मौसम की बाधा

​बचाव कार्यों को गति देने और घायलों या शवों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए घटनास्थल के पास 4,005 मीटर की ऊंचाई पर एक अस्थायी हेलीपैड भी तैयार किया गया है। हालांकि, मंगलवार दोपहर को खराब मौसम और बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू अभियान को शाम करीब 3 बजे रोकना पड़ा। प्रशासन के अनुसार, बुधवार सुबह मौसम साफ होने पर फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा, जिसमें बाकी बचे 6 लापता लोगों की तलाश पर मुख्य रूप से फोकस रहेगा।