उत्तरकाशी: आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा ने हर्षिल कोतवाली, गंगोत्री चौकी और फायर स्टेशन का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

​उत्तरकाशी: उत्तराखंड के पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) सुनील कुमार मीणा ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान उत्तरकाशी जिले की विभिन्न पुलिस इकाइयों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दिए यह निर्देश

इस दौरान उन्होंने कोतवाली हर्षिल, पुलिस चौकी गंगोत्री और फायर स्टेशन लदाड़ी पहुंचकर सुरक्षा, अग्निशमन सेवाओं तथा पुलिस कार्मिकों की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। सीमांत क्षेत्र में स्थित कोतवाली हर्षिल के निरीक्षण के दौरान आईजी कार्मिक ने परिसर और आवासीय भवनों की स्थिति देखी। भागीरथी नदी के तट और बाढ़ प्रभावित संवेदनशील क्षेत्र में चल रहे सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग करने और काम तय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

​श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर मंथन

श्री गंगोत्री धाम पहुंचकर आईजी ने पुलिस चौकी का निरीक्षण किया और भीड़ प्रबंधन, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जवानों को तीर्थयात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने और कतारबद्ध सुगम दर्शन कराने का निर्देश दिया। विषम परिस्थितियों और दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में तैनात जवानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका उत्साहवर्धन किया।

​फायर स्टेशन और न्यू पुलिस लाइन का निरीक्षण

फायर स्टेशन लदाड़ी के निरीक्षण के दौरान आईजी ने अग्निशमन उपकरणों को सदैव अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने न्यू पुलिस लाइन लदाड़ी में निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष के कार्यों की प्रगति देखी और मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त निर्माण समय पर पूरा करने को कहा।
​
रहें मौजूद

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।