उत्तरकाशी: उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जिला प्रशासन और ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव एवं जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले का आज शुक्रवार को भव्य समापन हो गया।
आजीविका मेले का समापन
इस समापन समारोह का आकर्षण लोकगीत, पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और उत्तराखंड की संस्कृति को दर्शाता ओपन फैशन शो रहा, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। मेले के दौरान विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और आजीविका गतिविधियों की शानदार प्रदर्शनी देखने को मिली। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्टॉलों का निरीक्षण कर समूहों के प्रयासों की सराहना की। विधायक सुरेश चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं द्वारा स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बना रहे हैं। सरकार भी इन समूहों को प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
लक्की ड्रॉ के विजेताओं को मिले पुरस्कार
समारोह के दौरान गंगा-यमुना कृषक उत्पादक संगठन के तत्वावधान में आयोजित ‘लक्की ड्रॉ बम्पर धमाका’ के परिणाम भी घोषित किए गए। विजेताओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी, इलेक्ट्रिक साइकिल, ऊनी वस्त्र, तांबे की बोतल, इंडक्शन चूल्हे, सिलबट्टा ग्राइंडर और सेब की पेटियों जैसे आकर्षक पुरस्कार बांटे गए। इसके अलावा, मेले में सर्वाधिक बिक्री करने वाले स्वयं सहायता समूहों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
रहें मौजूद
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग द्वारा जोशियाड़ा में आयोजित बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण के प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस दौरान राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भद्री प्रसाद सेमवाल, अवतार नेगी, डीडीओ वेद प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर ब्रह्मानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सुधीर जोशी और मनवीर रावत ने संयुक्त रूप से किया।