अल्मोड़ा: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने बीसीसीआई के सीनियर महिला टी-20 टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय सीनियर महिला टीम की घोषणा कर दी गई है। इसमें अल्मोड़ा निवासी अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर खिलाड़ी एकता बिष्ट को टीम की कमान सौंपी गई है। एकता की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
बांए हाथ की ऑफ ब्रेक गेंदबाज एकता ने क्रिकेट में पाया मुकाम
अल्मोड़ा के हुक्का क्लब के समीप निवासी कुंदन सिंह बिष्ट की बेटी एकता बिष्ट को अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर के रूप में पहचान मिली है। कभी अल्मोड़ा की गलियों में प्लास्टिक की गेंद से क्रिकेट खेलकर अपना सफर शुरू करने वाली एकता वर्तमान में भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य हैं। एकता स्पिन गेंदबाज हैं। करीब 6 साल की उम्र में पहली बार बैट थामने वाली एकता को बल्लेबाजी करना बहुत पसंद था। 2001 में एकता ने अल्मोड़ा स्टेडियम ज्वाइन किया। कोच लियाकत अली ने उन्हें गेंदबाज बनने की सलाह दी। इसके बाद एकता बांए हाथ की ऑफ ब्रेक गेंदबाज बनकर उभरी।
एकता को कप्तानी मिलने से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर
इसके बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय की कमान संभालने वाली एकता के अंतर्राष्ट्रीय कैरियर की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2011 में टी-20 मैच से हुई। इसके बाद एकता टी-20 और वन डे विश्व कप, एशिया कप में भी खेल का जलवा बिखेर चुकी हैं। अब एकता बिष्ट के उत्तराखंड सीनियर महिला टीम की कप्तान बनने पर गृह क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
2011 में एकता को मिला पहला मौका
साल 2011 में एकता बिष्ट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे खेला था। वह भारत की पहली ऐसी महिला गेंदबाज हैं, जिनके नाम हैट्रिक का रिकॉर्ड है। उन्होंने साल 2012 में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 मुकाबले में हैट्रिक ली थी। इसके अलावा उन्होंने अपनी फिरकी से पाकिस्तानी टीम को भी पस्त किया था।
एकता की अब तक की उपलब्धियां
आईसीसी महिला वनडे विश्व कप की उपविजेता टीम की प्रमुख स्पिनरों में शुमार एकता, नॉर्थ जोन में एकता कुमाऊं विवि की कप्तान भी रह चुकी हैं। एकता ने जून 2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 क्रिकेट से अंतर्राष्ट्रीय कैरियर की शुरुआत की। जुलाई 2011 में वनडे और अगस्त 2014 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। अब तक 55 अंतर्राष्ट्रीय वन डे मैचों में एकता के नाम 99 विकेट लिए हैं। वहीं टी-20 में 45 और 1 टेस्ट में 3 विकेट चटकाए हैं।
एकता टी-20 विश्व कप क्वालीफायर में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय महिला गेंदबाज
टी-20 विश्व कप क्वालीफायर में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय महिला गेंदबाज हैं। वनडे विश्व कप क्वालीफायर और वन डे विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 5-5 विकेट लेने वाली इकलौती महिला गेंदबाज भी हैं।
12 अक्टूबर को हरियाणा से होगा पहला मुकाबला
बीसीसीआई के सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तराखंड का पहला मुकाबला वडोदरा गुजरात में आगामी 12 अक्टूबर को हरियाणा की टीम के साथ खेला जाएगा। एकता के कोच लियाकत अली खान ने बताया कि मंगलवार को उत्तराखंड टीम का कैंप काशीपुर में शुरू हो रहा है, जो 30 सितंबर तक चलेगा।उसके बाद उत्तराखंड की टीम वडोदरा में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि एकता वर्तमान में रेलवे में कार्यरत है।
खेल प्रेमियों ने जताई खुशी
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, डीएम वंदना, एसएसपी प्रदीप कुमार राय, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण वर्मा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, बिट्टू कर्नाटक, विनीत बिष्ट, डीसीबी अध्यक्ष ललित लटवाल, डॉ. संतोष बिष्ट, महेश नयाल, परितोष जोशी, भैरव गोस्वामी, गिरीश गोस्वामी, मनोज पाठक, कैलाश मेहरा, हेम तिवारी, बीएस मनकोटी, मनोज सनवाल, आबिद अली, अख्तर हुसैन, तारा चंद्र जोशी, त्रिलोचन जोशी, पंकज बिष्ट, चंदन लटवाल, अर्जुन बिष्ट, सुनील बिष्ट, सौरभ वर्मा, हरीश कनवाल, पंकज वर्मा, पंकज टम्टा, किशन लाल, सुशील साह समेत कई खेल प्रेमियों ने खुशी जताई।