Women World Cup: भारत ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, नॉकआउट में इस टीम से होगा मुकाबला

क्रिकेट जगत से जुड़ी खबर सामने आई है। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के रोमांचक मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

भारत ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लगातार तीन हार के बाद भारत ने शानदार कमबैक किया और जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत ने टॉप 4 में अपनी जगह पक्की कर ली है। स्मृति मंधाना को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। स्मृति मंधाना ने 88 गेंद में अपना शतक पूरा किया। वह 10 चौके और 4 छक्के की मदद से 95 गेंद में 109 रन बनाकर आउट हुईं। बीते कल गुरुवार को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में यह मुकाबला खेला गया। जिसमें न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी थी। भारत ने पहली पारी में 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन बनाए। बारिश की वजह से इस मैच को पहले 49 ओवर का किया गया था लेकिन दोबारा बारिश होने की वजह से मैच को 44 ओवर का कर दिया गया और डकवर्थ-लुईस नियम के मुताबिक जीत के लिए न्यूजीलैंड को 325 रन का टारगेट मिला। जिस पर न्यूजीलैंड की टीम ने 44 ओवर में 8 विकेट पर 271 रन ही बनाए और हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।

कल होंगे यह मुकाबले

रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम इंडिया सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया या फिर दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। कल‌ 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम से भारत का सेमीफाइनल में मुकाबला होगा।