बेजुबानों पर बरपाया कहर: रामनगर में पिल्लों को डंडे से पीटने वाले के खिलाफ दर्ज हुई FIR

रामनगर: देवभूमि में पशु क्रूरता का एक विचलित करने वाला मामला सामने आया है। रामनगर के पीरूमदारा गांव में कुत्तों के छोटे बच्चों (पिल्लों) को बेरहमी से डंडे से पीटकर अधमरा करने और एक की जान लेने के आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।

जानें क्या है मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ था, जिसने लोगों का दिल दहला दिया। वीडियो में पीरूमदारा के एक घर के बाहर 3-4 माह के मासूम पिल्ले सो रहे थे। तभी एक साइकिल सवार व्यक्ति वहां पहुंचा और हाथ में डंडा लेकर उन पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। इस हमले में एक पिल्ले की रीढ़ की हड्डी टूट गई, जिसने अगले दिन दम तोड़ दिया। अन्य पिल्ले इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुत्तों के चिल्लाने की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग बाहर निकल आए और आरोपी को जमकर फटकार लगाई। आरोपी पास के ही दूसरे मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है।

पशु प्रेमियों ने उठाई आवाज

​घटना की सूचना मिलते ही पशु प्रेमी कशिश अग्रवाल और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने एकजुट होकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो और शिकायत ‘पीपुल्स फॉर एनिमल’ संस्था को भी भेजी गई। डायल 112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस की कार्रवाई

​पीरूमदारा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट ने मामले में तत्परता दिखाते हुए स्वयं वादी बनकर कार्रवाई की है। आरोपी की पहचान गोपाल सिंह, निवासी बेनी बिहार-दो, पीरूमदारा के रूप में हुई है। उस पर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज ने कहा कि पशुओं के प्रति ऐसी क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।